Spread the love

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जनपद उधम सिंह नगर में चल रहे अवैध खनन और ओवरलोडेड डंपरों के संचालन में हो रही अवैध वसूली को लेकर मोर्चा खोला है। एसएसपी ओर एसपी सिटी को सौंपे एक विस्तृत ज्ञापन में ठुकराल ने आरोप लगाया कि जनपद में सत्ताधारी नेताओं के संरक्षण में डंपर चालकों से खुलेआम उगाही की जा रही है, जिससे खाकी की छवि धूमिल हो रही है। पूर्व विधायक ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि जाफरपुर निवासी डंपर स्वामी रामसिंह ने गत 16 अप्रैल को रुद्रपुर कोतवाली में एक लिखित तहरीर दी थी। आरोप है कि विकास सागर नामक व्यक्ति, जिसे कथित तौर पर राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, पुलिस के नाम पर डंपर चालकों से अवैध धन की वसूली कर रहा है। ठुकराल ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि तहरीर और पर्याप्त साक्ष्य होने के बावजूद दो सप्ताह बीत जाने पर भी पुलिस ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह चुप्पी विभाग की संदिग्ध कार्यप्रणाली और राजनीतिक दबाव में पुलिसीया तंत्र के फेल होने का प्रमाण है। ज्ञापन में पूर्व विधायक ने कुंडा थाना क्षेत्र के सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों द्वारा सहयोग न मिलने के कारण पूर्व में एक अप्रिय घटना घटित हो चुकी है, क्या प्रशासन दोबारा उसी स्थिति का इंतजार कर रहा है? ठुकराल ने सवाल उठाया कि क्या उधमसिंह नगर पुलिस की नजरों में अवैध डंपरों और आम नागरिकों की जान का कोई मूल्य नहीं है? उन्होंने ज्ञापन में मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध खनन और ओवरलोडिंग में लिप्त वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए तथा अवैध वसूली में शामिल पुलिस कर्मियों और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापक जनहित में इस भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस व्यवस्था के विरुद्ध धरने पर बैठने को बाध्य होंगे।

You cannot copy content of this page