किच्छा:- अंबेडकर पार्क में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनों से पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने धरना स्थल पहुंचकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना एवं उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संगठन उत्तराखंड की ब्लॉक अध्यक्ष मुन्नी ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रमुख मांगों से पूर्व विधायक को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से मानदेय वृद्धि की मांग कर रही हैं, जिसमें प्रतिदिन ₹140 की बढ़ोतरी की आवश्यकता जताई गई है। साथ ही सेवानिवृत्ति पर बिना अतिरिक्त अहर्ता के ₹10 लाख की सहायता सुनिश्चित करने, विभाग द्वारा प्रस्तावित ₹300 की कटौती को निरस्त करने तथा बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को न जोड़ने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई। कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का विस्तृत ज्ञापन भी पूर्व विधायक को सौंपा।पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आंगनबाड़ी बहनों की समस्याओं को न्यायोचित बताते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि वे इन सभी मुद्दों को राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज की बुनियादी संरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, ऐसे में उनके हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। शुक्ला ने स्पष्ट किया कि वे शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस विषय पर विस्तृत वार्ता करेंगे और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को प्राथमिकता के साथ रखते हुए उनके समाधान के लिए सरकार का ध्यान आकृष्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और वे हरसंभव प्रयास कर आंगनबाड़ी बहनों को न्याय दिलाने का कार्य करेंगे।
धरना स्थल पर ब्लॉक अध्यक्ष मुन्नी ठाकुर, प्रदेश सदस्य कुसुम लता, कोषाध्यक्ष धना देवी, शशि बिष्ट, गीता देवी, हेमा, मंजू, नीतू, गीता पाठक, माया, हंसा समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं साथ ही मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, उपाध्यक्ष पूरन भट, महामंत्री मुकेश कोली, सदस्य उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग नितिन वाल्मीकि, संदीप अरोड़ा, मूलचंद राठौर समेत पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
