Spread the love

  • दर्जा मंत्री बनने पर महापौर ने पूर्व मेयर रामपाल सिंह का किया स्वागत

रुद्रपुर। उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पूर्व मेयर रामपाल सिंह को 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (राज्य स्तरीय) का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर महापौर विकास शर्मा ने रामपाल सिंह के आवास पहुंचकर उनका स्वागत किया और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महापौर ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा नए दायित्व के सफल निर्वहन की कामना की।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रामपाल सिंह ने अपने पांच वर्षीय मेयर कार्यकाल के दौरान जनसेवा, विकास कार्यों और आम जनता से निरंतर संवाद के माध्यम से एक अलग पहचान स्थापित की थी। उन्होंने कहा कि जनता के बीच उनकी लोकप्रियता, प्रशासनिक अनुभव और विकासोन्मुखी सोच को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक शिक्षित, अनुभवी और जनभावनाओं को समझने वाले व्यक्ति को यह दायित्व देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकार योग्यता और कार्यक्षमता को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रामपाल सिंह अपने नए पद पर रहते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विकास शर्मा ने कहा कि रामपाल सिंह ने मेयर रहते हुए शहर के विकास और जनहित के लिए जो कार्य किए, उनकी छाप आज भी जनता के बीच दिखाई देती है। जनसेवा की जो लकीर रामपाल सिंह ने रुद्रपुर में खींची थी, उसी का परिणाम है कि आज उन्हें पूरे प्रदेश स्तर पर कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है।

महापौर ने कहा कि रामपाल सिंह हमेशा पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता और कर्मठ सिपाही के रूप में सक्रिय रहे हैं। संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व का उन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया है। चुनावी अभियानों से लेकर जनसंपर्क कार्यक्रमों तक उन्होंने सदैव संगठन हित को सर्वाेपरि रखा। आज उन्हें मिला यह सम्मान उनकी वर्षों की मेहनत, निष्ठा और सेवाभाव का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि रामपाल सिंह को यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से प्रदेश की जनता को भी लाभ मिलेगा। 20 सूत्रीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के माध्यम से गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

इस अवसर पर रामपाल सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश नेतृत्व तथा सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें मिला यह दायित्व शीर्ष नेतृत्व के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। रामपाल सिंह ने कहा कि वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित विकास और जनकल्याण की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनकी प्राथमिकता होगी तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

You cannot copy content of this page