क्षेत्रीय विधायक की मौजूदगी में हुई मारपीट निंदनीय : सुमित्तर भुल्लर
युवा संवाद में बवाल पर यूथ कांग्रेस का हमला, निष्पक्ष जांच की मांग
गदरपुर। यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने गुरुवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा युवा मोर्चा के युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान हुई मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक की मौजूदगी में जिस तरह का घटनाक्रम हुआ, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इससे भाजपा की कार्यशैली उजागर होती है।
भुल्लर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से कार्यक्रम में आने और संवाद करने की अपील की थी। इसी आह्वान पर वंश शर्मा और नीरज गौतम कार्यक्रम में पहुंचे थे। उनका उद्देश्य केवल कुछ सवाल पूछना था, लेकिन सवाल पूछने के बजाय उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई और उन्हें जबरन कार्यक्रम से बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी लोकतांत्रिक मंच पर युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर ही नहीं मिलेगा, तो ऐसे कार्यक्रमों का औचित्य क्या रह जाता है।
प्रेस वार्ता में मौजूद नीरज गौतम ने बताया कि घटना के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद क्षेत्रीय विधायक ने भी उन्हें वहां से चले जाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें डराने और हटाने का प्रयास किया जाएगा, तो इससे लोकतंत्र कमजोर होगा।
सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि सत्ता के बल पर विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा अपने अधिकारों और सवालों को लेकर जागरूक हैं तथा उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। यूथ कांग्रेस ऐसे मामलों में युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
