Spread the love


नानकमत्ता। अमावस्या के पावन अवसर पर जनपद पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर दरबार साहिब में मत्था टेका तथा गुरु घर की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं सेवा कार्यों का अवलोकन किया तथा उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रधान सरदार जोगिंदर सिंह एवं महासचिव सरदार अमरजीत सिंह ने जिलाधिकारी का स्वागत किया तथा उन्हें गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की स्मृति-चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब में सिख समाज द्वारा निस्वार्थ भाव से की जा रही सेवा मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि समाजहित में किए जा रहे ऐसे सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय हैं और इनकी जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है।
जिलाधिकारी के साथ आए अधिकारियों एवं सहयोगियों ने भी गुरुद्वारा साहिब में व्याप्त सेवा भावना, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया।गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने जिलाधिकारी के आगमन पर उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का गुरु घर में पहुंचना और सेवा कार्यों की सराहना करना संगत के लिए उत्साहवर्धक है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सरदार बाग सिंह, सरदार सुखवंत सिंह पन्नू, सरदार सुखवंत सिंह भुल्लर, सरदार दविंदर सिंह सोनी सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं संगत उपस्थित रही।

You cannot copy content of this page