खबर पड़ताल
सितारगंज स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लंबे समय से उठ रही जनसमस्या पर आखिरकार प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए बड़ा कदम उठाया है। नगर पालिका परिषद सितारगंज क्षेत्र में प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ मंगलवार को मेडिकल स्टोर बंद रहने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उधम सिंह नगर ने कैमिस्ट एसोसिएशन सितारगंज को निर्देश जारी किए हैं कि जनहित में मेडिकल स्टोरों को क्रमबद्ध व्यवस्था के तहत प्रत्येक मंगलवार को खुला रखा जाए। यह पहल बार एसोसिएशन सितारगंज द्वारा उठाए गए मुद्दे के बाद सामने आई है, जिसमें बताया गया था कि मेडिकल स्टोर बंद रहने से आपातकालीन स्थिति में मरीजों को आवश्यक दवाइयां नहीं मिल पातीं और उन्हें दवा खरीदने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। सीएमओ कार्यालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे नगर में हर समय आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनी रहे और किसी भी नागरिक को उपचार संबंधी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। प्रशासन के इस फैसले को आम जनता, मरीजों, वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने राहत भरा निर्णय बताते हुए स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि बीमारी और आपातकाल कभी समय देखकर नहीं आती, ऐसे में मेडिकल स्टोरों का उपलब्ध रहना बेहद आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग के इस निर्देश के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि मंगलवार को दवा न मिलने की समस्या समाप्त होगी और हजारों नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। यह निर्णय स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
