Spread the love


किच्छा में देवभूमि पहाड़ी समाज को एकजुट करने और समाज के उत्थान को लेकर देवभूमि एकता मंच के तत्वावधान में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग और वरिष्ठजन मौजूद रहे।
बैठक में समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक विकास को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और जरूरतमंद लोगों की मदद के साथ-साथ पहाड़ी संस्कृति, भाषा, बोली और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत होगी। बैठक में संगठन को गैर-राजनीतिक स्वरूप में आगे बढ़ाने और व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान खेम सिंह बिष्ट को अध्यक्ष, राजा भंडारी और प्रेम आर्य को उपाध्यक्ष, कुंदन नेगी को सचिव, प्रमोद को उपसचिव और नारायण कोरंगा को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी लक्ष्मण सिंह और कैलाश चंद्र बिष्टानिया को सौंपी गई।
बैठक में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि पद और व्यक्तिगत महत्व से ऊपर उठकर सामाजिक ताने-बाने और विकास को प्राथमिकता देना जरूरी है। पर्वतीय समाज का उत्थान संगठन के प्रत्येक सदस्य का प्रथम कर्तव्य होना चाहिए। बैठक में मिले सुझावों पर अगली बैठक में फिर मंथन किया जाएगा।

You cannot copy content of this page