Spread the love



रुद्रपुर। सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत करने तथा सोशल मीडिया पर कथित रूप से भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने बुधवार को कोतवाली रुद्रपुर में पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी आशीष नेगी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।क्षेत्राधिकारी (सीओ) रुद्रपुर को सौंपे गए ज्ञापन में फेसबुक पेज “Ashish Negi UKD” के संचालक आशीष नेगी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act), 2000 के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की गई है।गुरुद्वारा सिख सेंट्रल कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह तथा गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब के रुद्रपुर से डायरेक्टर एवं सेंट्रल कमेटी के महासचिव प्रतपाल सिंह ने आरोप लगाया कि चमोली के कर्णप्रयाग में हुई एक स्थानीय घटना को आधार बनाकर आशीष नेगी लगातार सोशल मीडिया पर सिख समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वीडियो प्रसारित कर रहा है। उनका आरोप है कि इन वीडियो में सिख समाज को चुनौतीपूर्ण भाषा में संबोधित किया गया है तथा वर्ष 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और दरबार साहिब में सेना भेजे जाने का बार-बार उल्लेख कर समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने और प्रदेश के सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे स्थानीय सिख समाज में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में शीघ्र FIR दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज आगामी दिनों में आंदोलन और प्रदर्शन की रणनीति तैयार करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में गुरुद्वारा सिख सेंट्रल कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह, गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब के डायरेक्टर एवं सेंट्रल कमेटी के महासचिव प्रतपाल सिंह, बलविंदर सिंह, जसबीर सिंह उप्पल,रशपाल सिंह हैप्पी, गुरमीत सिंह बठला, हरजीत सिंह विरदी, कंवलजीत सिंह, प्रभजीत सिंह, अमरजीत सिंह, जीत सिंह चाचू सहित सिख समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page