Spread the love

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।पुलिस के अनुसार 21 जून को सहसपुर निवासी सुनील कुमार सिंह ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों पर नजर रखी।लगातार की जा रही जांच और सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर लांघा क्षेत्र से आरोपी समीर पुत्र असलम को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने सहसपुर क्षेत्र से एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर दूसरी बाइक भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्षेत्र में मजदूरी और वेल्डिंग का कार्य करता है। आर्थिक लाभ और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय समीर पुत्र असलम निवासी ग्राम ईशापुर खुरकान, थाना कैराना, जनपद शामली (उत्तर प्रदेश) एवं हाल निवासी चोई बस्ती, रामपुर, सहसपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आनंद पाल सिंह, हेड कांस्टेबल डब्बल सिंह, कांस्टेबल त्रेपन सिंह, ब्रजपाल सिंह, राजवीर भंडारी और विकास त्यागी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You cannot copy content of this page