Spread the love


रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी एक शातिर बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनसान स्थानों पर कार में बैठकर मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹92 हजार नकद, 05 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, कैलकुलेटर और एक हॉन्डा सिटी कार बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में SOG रुद्रपुर एवं कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के पास एक व्यक्ति कार में बैठकर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सफेद रंग की हॉन्डा सिटी कार संख्या DL10CL7743 में बैठे आरोपी को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान रंजीत सिंह सैनी पुत्र वीर सिंह सैनी निवासी पालम कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए सुनसान स्थानों पर बैठकर मोबाइल कॉल, Paytm ट्रांजैक्शन और विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से IPL मैचों पर सट्टा संचालित करता था।
पुलिस जांच में लैपटॉप से सट्टेबाजी से संबंधित रिकॉर्ड, ग्राहकों के नाम, टीमों के रेट और लेनदेन का विवरण मिला है। मोबाइल फोन में भी सट्टेबाजी से जुड़े स्क्रीनशॉट और वॉयस रिकॉर्डिंग बरामद हुई हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैम्प में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
SSP अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध, सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You missed

You cannot copy content of this page