Spread the love


रुद्रपुर। उधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिन्दुखेड़ा और अर्जुनपुर गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान 80 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई, 2,500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया तथा दो अलग-अलग मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में की गई। शिकायत मिलने पर क्षेत्र-01 रुद्रपुर की आबकारी टीम ने बिन्दुखेड़ा नाले के समीप छापेमारी की, जहां अवैध शराब बनाने की एक भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर लगभग 2,500 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके। तलाशी के दौरान करीब 25 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके बाद आबकारी टीम ने अर्जुनपुर गांव में सुरजीत कौर के आवास पर छापा मारा। तलाशी के दौरान एक रबर ट्यूब में लगभग 60 लीटर तथा 40 पाउच में करीब 20 लीटर, कुल 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा-60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

You cannot copy content of this page