काशीपुर। माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशानुसार बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
प्राप्त शिकायत के आधार पर क्षेत्र-03 काशीपुर की आबकारी टीम ने ग्राम खाईखेड़ा एवं कटैया में सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नाले के किनारे संचालित 4 अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया तथा मौके पर लगभग 18,500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया।
छापेमारी के दौरान आसपास की तलाशी में लगभग 160 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसी क्रम में ग्राम खाईखेड़ा में दबिश के दौरान परमजीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह के आवास की तलाशी ली गई, जहां से लगभग 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अतिरिक्त ग्राम खाईखेड़ा स्थित एक खेत से लगभग 150 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस संबंध में उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उक्त अभियान आबकारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक आशीष सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश चन्द्र भट्ट, आबकारी सिपाही कृष्ण चन्द्र आर्या, सुमन आर्या, सुनीता रानी एवं नैनिका राणा सहित विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।
