किच्छा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करों और अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किच्छा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 594 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और नशे के कारोबार से अर्जित नगदी के साथ महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 मई 2025 को पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली किच्छा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बंदिया क्षेत्र स्थित सरदारों वाली गली में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विरेंद्र पुत्र स्व. कुलवंत सिंह निवासी वार्ड नंबर-5, सरदारों वाली गली, बंदिया, कोतवाली किच्छा, उम्र 32 वर्ष तथा जसवीर कौर पत्नी स्व. सतीश कुमार निवासी वार्ड नंबर-5, सरदारों वाली गली, बंदिया, कोतवाली किच्छा, उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 594 प्रतिबंधित Buprenorphine and Naloxone Tablets तथा नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित ₹35,300 नकद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी में 594 प्रतिबंधित Buprenorphine and Naloxone Tablets तथा ₹35,300 नगद शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दीपक जोशी, कांस्टेबल देवराज, कांस्टेबल हरेंद्र धामी एवं महिला कांस्टेबल रेखा आर्य शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
