
गदरपुर। सितारगंज में आयोजित होने वाले किसान महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में 16 अक्टूबर को सितारगंज में होने वाली किसान कांग्रेस बैठक में हजारों की संख्या में किसानों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पहुंचने की अपील की। शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष विजय भुड्डी के कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, बैठक में किसान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाडी ने कहा, भाजपा सरकार ने किसानों की हमेशा उपेक्षा की है उन्होंने कहा,कई अनाज मंडियों में कच्चे आढ़तियों को अभी तक लाइसेंस नहीं दिये गये। जिससे किसानों को अपनी उपज सस्ते में बेचनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में बेतहाशा वृद्धि की है। सब्सिडी के नाम पर किसानों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा पिछले साल के गन्ने का किसानों का पैसा अभी भी बकाया है। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस कमेटी किसानों और मजदूरों के हकों की लड़ाई के लिए सड़कों पर उतरने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा,किसानों की वर्ग चार की भूमि का मुद्दा अभी भी अधर में लटका हुआ है।भाजपा सरकार ने सत्ता हासिल करने के बाद किसानों की समस्याओं पर कभी ध्यान नहीं दिया जिससे किसान आर्थिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने कहा किसान कांग्रेस 16 अक्टूबर को सितारगंज में आयोजित किसान महा सम्मेलन में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान संगठन पहुंचेंगे। जिससे सोई हुई सरकार को जगाया जा सकेगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में किसान महासम्मेलन में शामिल होने की अपील की। इस मौके पर सिद्धार्थ भुसरी, त्रिनाथ विश्वास, विजय भुड्डी,नवनीत सिंह मौजूद रहे ।










