खटीमा (अश्वनी दीक्षित)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधमसिंह नगर की ओर से माननीय सचिव ममता पंत के आदेशानुसार आदेश संख्या 94/2026-27 के तहत रविवार को ग्राम पंचायत अमाऊं के वार्ड नंबर छह में विधिक साक्षरता एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सभासद दौलत सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में 36 ग्रामीण लाभार्थियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी प्राप्त की। दोपहर एक बजे से 2:30 बजे तक चले शिविर का संचालन पैरा लीगल वॉलंटियर गीता शर्मा ने किया। इस दौरान ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, लीगल एड क्लीनिक, पैनल अधिवक्ताओं की सेवाओं तथा लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं कम खर्च में निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। शिविर में कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए नशे के दुष्प्रभाव, सड़क सुरक्षा नियम, बच्चों के अधिकार, पॉक्सो अधिनियम, बाल श्रम, बाल विवाह, एसिड अटैक, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, तलाक एवं भरण-पोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही प्रत्येक तीन माह में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभ बताते हुए पीड़ित महिलाओं के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, बच्चों की सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। पीएलवी विमल मुड़ेला ने साइबर अपराध, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट जैसी बढ़ती ऑनलाइन ठगी की घटनाओं से बचाव तथा वर्ष 2026 में उपलब्ध डिजिटल कानूनी सहायता की जानकारी देते हुए शिक्षा का अधिकार और वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों पर प्रकाश डाला। वहीं पीएलवी विपिन उप्रेती ने एलआईसी से जुड़ी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी देने के साथ स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। पीएलवी प्रीति राणा ने स्वयं सहायता समूहों के गठन और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए निःशुल्क कानूनी मध्यस्थता के महत्व को समझाया। इसके अलावा वित्तीय साक्षरता केंद्र के कार्यकर्ता सलमान अहमद ने ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय लेन-देन और बैंक से संबंधित विभिन्न कानूनी जानकारियों से अवगत कराया। शिविर के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कानूनी जानकारी के अभाव में अनेक लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता शिविर बेहद महत्वपूर्ण हैं। सभासद दौलत सिंह राणा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अनेक महत्वपूर्ण कानूनी एवं सामाजिक जानकारियां प्राप्त हुई हैं। उन्होंने आयोजन के लिए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। अंत में शिविर का समापन किया गया।

