– आंदोलनकारियों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
– पर्यावरण मित्रों, निगम कर्मियों और प्रतिभाओं को भी किया सम्मानित
रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को शहर के श्रीराम पार्क में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जहां राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को सम्मानित कर राज्य निर्माण के संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया गया, वहीं स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर नगर निगम के कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों, महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, सुरेश कोली, उत्तम दत्ता, एडीएम पंकज उपाध्याय और एसडीएम मनीष बिष्ट सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत अतिथियों ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूरा वातावरण राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के स्मरण से भावुक नजर आया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोकगीतों, लोकनृत्यों और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और राज्य के प्रति गौरव की भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने मंच पर आंदोलनकारियों को सम्मानित कर राज्य निर्माण में उनके योगदान को याद किया। इसके साथ ही नगर निगम के उन कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया, जो शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया। समारोह के दौरान चित्रकला, नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड का स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन भी है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिन आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना अलग राज्य के लिए संघर्ष किया, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य के लिए संघर्ष करने वाले दिवंगत आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि आज हमारे बीच मौजूद आंदोलनकारियों का भी सम्मान और अभिनंदन किया जाना चाहिए, क्योंकि उनके संघर्ष की बदौलत ही हमें यह सुंदर राज्य मिला है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। देवभूमि अब पर्यटन और आध्यात्मिक पहचान के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत-2047 का संकल्प तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक राज्य और प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उत्तराखंडी को राज्य के विकास में अपना योगदान देना होगा, चाहे वह प्रदेश में रह रहा हो या देश-दुनिया के किसी अन्य हिस्से में रहकर अपना व्यवसाय और परिवार संभाल रहा हो। यदि सभी लोग उत्तराखंड के प्रति अपनी जिम्मेदारी, लगाव और समर्पण बनाए रखें तो वर्ष 2047 तक उत्तराखंड देश के अग्रणी और सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल हो सकता है।
महापौर ने समारोह के आयोजन की सराहना करते हुए जिलाधिकारी नितिन भदौरिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के साथ पर्यावरण मित्रों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वालों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को राज्य के इतिहास और गौरवशाली विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और आंदोलनकारियों के बलिदान का परिणाम है। राज्य स्थापना दिवस हमें उन सभी महानुभावों के योगदान को याद करने और उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने के संकल्प को दोहराने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति में प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले व्यक्तियों का सम्मान अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और प्रदेश की जनता की एकजुटता का परिणाम है। राज्य स्थापना दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास के साथ-साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ प्रदेश को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, अनिल चौहान, गदरपुर पालिकाध्यक्ष मिंटू गुम्बर, राकेश सिंह, धीरेन्द्र मिश्रा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक, राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

