Spread the love

  • 7 से 13 अप्रैल तक चलेगा सघन सफाई और जागरूकता अभियान

रूद्रपुर। शासन के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा चलाये जा रहे विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान का महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को मुख्य बाजार स्थित वीर हकीकत राय मार्ग से विधिवत शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करते हुए झाड़ू थामी और आम जनमानस को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अभियान में नगर निगम की टीम के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

विशेष स्वच्छता अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर को सुंदर और रोगमुक्त बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है, लेकिन इस लक्ष्य की प्राप्ति तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में बढ़ती गर्मी और संक्रामक रोगों के खतरे को देखते हुए 7 से 13 अप्रैल तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आह्वान के बाद देशभर में स्वच्छता के प्रति अभूतपूर्व जागरूकता आई है और अब इस मुहिम को प्रत्येक गली-मोहल्ले, स्कूल और सार्वजनिक स्थान तक ले जाना है। इसी कड़ी में 10 अप्रैल को प्रसिद्ध अटरिया मेला परिसर में भी एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

महापौर ने कहा कि पिछले वर्ष स्वच्छता रैंकिंग में रूद्रपुर नगर निगम ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस वर्ष रैंकिंग को और बेहतर बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और कूड़ा केवल नगर निगम के वाहनों में ही डालें। महापौर ने बताया कि अब शहर के प्रत्येक घर में चार डस्टबिन रखने की नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसके तहत गीला कचरा, सूखा कचरा, ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) और मेडिकल वेस्ट को अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाएगा ताकि उनका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो सके। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए नाले-नालियों की तली झाड़ सफाई का सघन अभियान भी युद्धस्तर पर प्रारंभ किया जा रहा है।

अभियान के दौरान नगर निगम के कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों को चार डस्टबिनों के उपयोग का सही तरीका समझाया और घरेलू गीले कचरे से जैविक खाद बनाने की विधि भी बताई। इस अवसर पर जन प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने लोगों को गीला और सूखा कूड़ा अलग रखने के फायदों के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्षद चिराग कालरा, राजू नवियाल, सफाई निरक्षक कुलदीप कुमार, सुपरवाइजर दानू सिंह, विनोद, उमेद अधिकारी, प्रमोद मित्तल,विजय तोमर , अजय चड्ढा जी, पारस चुघ, नीतीश धीर महिला मोर्चा जिला महामंत्री प्रीति धीर, आदि समस्त नगर निगम टीम व पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे ।।

You cannot copy content of this page