
नैनीताल। बैलपड़ाव क्षेत्र की 7 वर्षीय बालिका गुरकीरत कौर ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की डांस प्रतियोगिता में रनर-अप अवार्ड जीतकर क्षेत्र सहित उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है तथा सभी ने बालिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।जानकारी के अनुसार बैलपड़ाव निवासी कुलवंत चंद, जो पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज कोटाबाग में प्रवक्ता हैं,तथा श्रीमती परमजीत, एल.टी. राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भलौन रामनगर में शिक्षिका हैं, उनकी सुपुत्री गुरकीरत कौर ने छोटी उम्र में ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।गुरकीरत कौर ने के.के.एच.डी. “किसमें कितना है दम” डांस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर रनर-अप अवार्ड अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 24 मार्च को रायात बहारा यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में आयोजित की गई थी। फाइनल राउंड में गुरकीरत ने अपने आकर्षक और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का आयोजन डी.डी. पंजाबी चैनल द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता का प्रसारण 1 अप्रैल 2026 को सायं 2:30 बजे से 3:30 बजे तक डी.डी. पंजाबी चैनल पर किया जाएगा।अपनी इस सफलता का श्रेय गुरकीरत कौर ने अपनी माता को दिया और कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं।गुरकीरत की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षकों, समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने बालिका को बधाई देते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में मिली यह सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है।










