
जन सेवा संवाद में सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं


विधायक तिलक राज बेहड़ ने दरऊ रोड पर बनाए गए कट को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि दरऊ रोड पर बनाए गए कट के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। यह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उनके द्वारा कई बार प्रशासन से मांग की गई थी कि इस चौराहे को सुचारू रूप से व्यवस्थित कर बड़े और सुरक्षित रूप में विकसित किया जाए तथा वहां ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत किया जाए और स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
उन्होंने कहा कि हर शहर में चौराहे होते हैं, लेकिन वहां यातायात को व्यवस्थित करने के लिए उचित प्रबंधन किया जाता है, चौराहों को इस प्रकार बंद नहीं किया जाता। यहां पर चौराहे को बंद कर आगे दोनों तरफ कट बना दिए गए हैं, जो दुर्घटनाओं को रोकने की बजाय उन्हें बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आए दिन नौजवान अपनी जान गंवा रहे हैं, जो अत्यंत दुखद और चिंता का विषय है
।
विधायक बेहड़ ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के लिए ट्रैफिक लाइट लगाई जाए, स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं तथा चौराहे को व्यवस्थित कर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।
इसी क्रम में आयोजित जन सेवा संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों को उनके समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में ग्राम नौगवां निवासी सुल्तान मोहम्मद सलाउद्दीन ने उनके खेत से गुजर रही 11,000 केवी विद्युत लाइन को हटाकर बाहर शिफ्ट कराने की मांग रखी। वहीं ग्राम राघव नगर निवासी विजय नाथ ने विद्युत कनेक्शन से संबंधित समस्या से विधायक को अवगत कराया।
इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर 5 नानक नगर के निवासियों ने क्षेत्र में विद्युत पोल की समस्या बताई। ग्राम राघव नगर तथा इंदरपुर के निवासियों ने सड़क निर्माण की मांग रखी। वहीं विकास कॉलोनी निवासी रोशनी ने राशन कार्ड से संबंधित समस्या विधायक के समक्ष रखी।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।








