Spread the love

रुद्रपुर के आवास विकास क्षेत्र में उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब चोपड़ा फिटनेस सेंटर के संचालक मोहित चोपड़ा को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा खड़ा कर दिया। बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जिम के बाहर पहुंचे और वहां लगे साइन बोर्ड व पोस्टर पर मोहित चोपड़ा की तस्वीर को लाल स्याही से पोत दिया। पोस्टर पर “ देश का बल बजरंग दल” जैसे नारे लिखते हुए कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मोहित चोपड़ा द्वारा सोशल मीडिया पर बजरंग दल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं तथा धर्म विरोधी पोस्ट साझा की गईं। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि “मैं भी मोहम्मद दीपक हूं” जैसी पोस्ट और विवादित बयानों से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है। इसी को लेकर बजरंग दल ने मोहित चोपड़ा को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई भी पोस्ट या गतिविधि सामने आई तो संगठन किसी भी सूरत में बख्शने वाला नहीं होगा।कार्यकर्ताओं ने मोहित चोपड़ा पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि कभी बच्चों को बिस्किट-टॉफी बांटकर तो कभी गरीब बुजुर्ग महिलाओं को 5 किलो आटा देकर खुद को समाजसेवी दिखाने का प्रयास किया जाता है, जो अब केवल दिखावा साबित हो रहा है। बजरंग दल के अनुसार, ऐसे कृत्यों के पीछे वास्तविक सेवा नहीं बल्कि प्रचार की मानसिकता है।पूरे घटनाक्रम के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मोहित चोपड़ा के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैंप में तहरीर सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। उधर, हंगामे के बाद मोहित चोपड़ा के पिता जिम के बाहर लगे साइन बोर्ड को साफ करते हुए नजर आए।घटना के चलते क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस ने मामले पर नजर बनाए रखी है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

You cannot copy content of this page