Spread the love

सितारगंज के श्री रामलीला ग्राउंड में नौ दिनों तक चली भगवान श्रीराम की दिव्य कथा का आज विधिवत समापन हो गया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथा वाचक स्वामी लक्ष्मण दास जी महाराज मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कथा के समापन अवसर पर विधि-विधान से यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर विश्व कल्याण की कामना की। कार्यक्रम में क्षेत्र के समस्त श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पूरे नौ दिनों तक भक्ति भाव के साथ कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित किया।
समापन के उपरांत आयोजकों द्वारा भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर स्वामी लक्ष्मण दास जी महाराज ने बताया कि कथा के दौरान सभी भक्तों ने पूरे मनोयोग से भगवान श्रीराम की लीलाओं का श्रवण किया और उन्हें अपार आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड की पावन भूमि पर कथा करना हमें सदैव विशेष आनंद और दिव्य अनुभूति प्रदान करता है।”
पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा और जय श्रीराम के उद्घोष से श्री रामलीला ग्राउंड गूंज उठा। इस मौके पर सितारगंज कोतवाली से कोतवाल सुंदरम शर्मा भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page