Spread the love

रुद्रपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलोत उर्फ बिट्टू चौहान का बुधवार को रुद्रपुर में ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा, नारेबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। स्वागत रैली गल्ला मंडी खाटूश्याम से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए भाजपा कार्यालय तक पहुंची।

रैली में सैकड़ों युवा कार्यकर्ता कारों और बाइकों के साथ शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई, वहीं जेसीबी मशीन से फूल बरसाकर कार्यक्रम को और भी भव्य स्वरूप दिया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जोश देखते ही बनता था।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ साथ महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि विपिन सिंह गहलोत की ताजपोशी से युवा मोर्चा में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा की रीढ़ है और आने वाले समय में संगठन की मजबूती का दारोमदार युवाओं पर ही है। महापौर ने विश्वास जताया कि विपिन सिंह गहलोत के नेतृत्व में युवा मोर्चा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि विपिन सिंह गहलोत की नियुक्ति संगठन को नई दिशा देगी, वहीं विधायक शिव अरोरा ने कहा कि युवा कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में पूरे जोश के साथ पार्टी के लिए कार्य करेंगे।

15 वर्षों बाद जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी, महापौर विकास शर्मा से जुड़ी ऐतिहासिक कड़ी

भाजयुमो जिलाध्यक्ष पद पर लगभग 15 वर्षों बाद नई ताजपोशी हुई है। इससे पूर्व यह जिम्मेदारी वर्तमान महापौर विकास शर्मा ने संभाली थी। उस समय विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने युवा मोर्चा को संगठित कर पार्टी को मजबूती प्रदान की और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया था। आज उन्हीं की संगठनात्मक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी विपिन सिंह गहलोत को सौंपी गई है। विपिन सिंह गहलोत इससे पूर्व युवा मोर्चा के जिला महामंत्री के रूप में भी संगठन को मजबूत करने का कार्य कर चुके हैं। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व को उनसे संगठन विस्तार और युवाओं को सक्रिय रूप से जोड़ने की बड़ी उम्मीदें हैं।

You cannot copy content of this page