Spread the love



ओंटारियो के लासाल शहर में वारदात, सोशल मीडिया पर बेबाक राय के कारण रहती थीं चर्चा में
विंडसर/लासाल (कनाडा)। कनाडा के ओंटारियो प्रांत के लासाल शहर में भारतीय मूल की 45 वर्षीय सोशल मीडिया एक्टिविस्ट और यूट्यूबर नैंसी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मंगलवार रात करीब 9:30 बजे टॉड लेन इलाके में हुई। पुलिस और पैरामेडिक्स को चाकूबाजी की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने एक महिला को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्थानीय पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामले को फिलहाल एक अलग-थलग घटना माना जा रहा है। हालांकि अब तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
बुधवार सुबह पुलिस ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच दो घरों को घेरकर जांच की। एक घर के बाहर कंक्रीट के रास्ते और सीढ़ियों पर कई सबूत चिन्ह (एविडेंस मार्कर) लगाए गए। इसके अलावा करीब एक किलोमीटर दूर एक जंगली इलाके को भी पुलिस टेप लगाकर सील किया गया है।पुलिस ने आसपास के लोगों से सीसीटीवी फुटेज और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने की अपील की है। मामले की जांच कर रहे डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर ने कहा कि घटना से जुड़ी किसी भी जानकारी को साझा करना जांच में मददगार हो सकता है।नैंसी ग्रेवाल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी सक्रिय और मुखर मानी जाती थीं। वह सिख राजनीति, कुछ बड़े राजनीतिक नेताओं और डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख के खिलाफ अपनी तीखी और विवादित टिप्पणियों के कारण चर्चा में रहती थीं। उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिससे उन्हें समर्थन के साथ-साथ विरोध का भी सामना करना पड़ता था।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और संभावित संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

You cannot copy content of this page