पंतनगर/अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के लिए गुरुवार को पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक तिलकराज बेहड़, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा तथा रुद्रपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी का संघर्ष, समर्पण और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनका निरंतर प्रयास करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की मजबूती के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
पंतनगर एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें आगे उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके चलते उन्हें वापस पंतनगर एयरपोर्ट लौटना पड़ा। यहां उन्होंने अल्मोड़ा की जनता को संबोधित किया।
कुछ समय तक मौसम साफ होने की प्रतीक्षा की गई, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल न होने पर राहुल गांधी को अपना कार्यक्रम स्थगित कर वापस रवाना होना पड़ा।
राहुल गांधी के अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने से कार्यकर्ताओं में भारी निराशा देखने को मिली। जनसभा में भाग लेने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों कार्यकर्ता पहुंचे थे। जैसे ही मंच से राहुल गांधी के कार्यक्रम निरस्त होने की घोषणा की गई, कार्यकर्ता मायूस होकर अपने-अपने घरों को लौट गए।
