
सितारगंज :(अश्वनी दीक्षित)विधान सभा सितारगंज के होली के पावन पर्व पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के आवास पर आयोजित भव्य होली मिलन समारोह इस वर्ष यादगार बन गया, जब पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा और क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व आमजन रंगों के इस उत्सव में शामिल होने पहुंचे। पूरे परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज, होली के पारंपरिक गीतों और रंग-बिरंगे गुलाल की उड़ती फुहारों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। मंत्री सौरभ बहुगुणा और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने सभी से आत्मीयता से मुलाकात कर गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर चेहरे पर उत्साह और उमंग झलक रही थी। कार्यक्रम में नगर पालिका चेयरमैन सुखदेव सिंह, उत्तराखंड हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद, भाजपा के जिलाध्यक्ष कमल जिंदल,शिव कुमार मित्तल, सुरेश जैन, तरसेम सिंह, शिवपाल चौहान, राकेश त्यागी, अतेंद्र सिंह भुल्लर, ईश्वरी लाल गंगवार, निर्मल सिंह केलोन, रमेश बाबा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अतिथियों के स्वागत हेतु पारंपरिक व्यंजनों और मिठाइयों की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया। पूरे दिन चले इस भव्य आयोजन ने न केवल होली के रंगों को और गाढ़ा किया, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक समरसता और एकजुटता का सशक्त संदेश भी दिया।












