
रुद्रपुर।
समाज में बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा को अपना धर्म मानते हैं। ऐसे ही एक प्रेरणास्रोत हैं रुद्रपुर निवासी वैभव ग्रोवर, जो प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित हो रहे हैं।


हाल ही में रुद्रपुर स्थित बी.डी. पाठक अस्पताल में भर्ती एक मरीज को अत्यंत दुर्लभ ओ नेगेटिव रक्त की तत्काल आवश्यकता पड़ी। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए शहीद उधम सिंह मेमोरियल ब्लड सेंटर, रुद्रपुर के इंचार्ज मोहम्मद इसरार अंसारी ने रक्त सेवा के क्षेत्र में सक्रिय प्रदीप सिंह खालसा एवं उनकी टीम से संपर्क कर ओ नेगेटिव रक्तदाता की मांग की।
मामले की गंभीरता को समझते हुए टीम ने तत्काल रक्तवीर वैभव ग्रोवर से संपर्क किया। सूचना मिलते ही वैभव ग्रोवर बिना किसी विलंब के सिविल लाइन, डॉक्टर कॉलोनी, गली नंबर-2 स्थित शहीद उधम सिंह मेमोरियल ब्लड सेंटर पहुंचे और स्वेच्छा से ओ नेगेटिव रक्तदान कर मरीज की जान बचाई।
रक्तदान के माध्यम से एक जीवन को नया संबल देने वाले वैभव ग्रोवर के इस मानवीय कार्य की ब्लड सेंटर की टीम एवं प्रदीप सिंह खालसा की टीम ने भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
वैभव ग्रोवर जैसे रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणा हैं, जिनके सहयोग से समय पर जरूरतमंदों को जीवनदान मिल पाता है।








