प्रांत से कोषाध्यक्ष सुरेश चंद कपिल ने जिला ऊधम नगर कार्यालय में दो दिवसीय प्रवास के अंतर्गत संपर्क अभियान किया। कार्यकर्ताओं को दिव्यांग मित्र योजना के बारे में बताया। श्री कपिल ने बताया कि किसी भी जनहित के कार्य में धन की आवश्यकता पड़ती है। दिव्यांगों के हितों में सभी को तन, मन ,धन से सहयोग करना चाहिए। सक्षम , दिव्यांगों के कल्याण हेतु राष्ट्र स्तर पर कार्य कर रहा है। सरकार दिव्यांगों के कल्याण के लिए अनेकों प्रकार की योजनाएं चला रही है लेकिन इन योजनाओं को दिव्यांग तक पहुंचाने का कार्य सक्षम कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। अधिकांश दिव्यांग अशिक्षित और उपेक्षित हैं । कई दिव्यांगों को केंद्र व राज्य सरकार के माध्यम से विभिन्न सुविधाएं जैसे मासिक पेंशन , आवश्यक उपकरण , यूडीआइडी कार्ड के माध्यम से बस व रेलवे में रियायती परिवहन आदि अनेक प्रकार की सुविधाओं का संज्ञान नहीं है। सक्षम दायित्व धारी व कार्यकर्ताओं को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न सुविधाओं से जो दिव्यांग वंचित हैं, उनसे संपर्क स्थापित कर उनकी मदद करना एवं उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराने में हर संभव सहायता व मार्गदर्शन कर उनकी परेशानियों का निराकरण किया जाए।
जिला अध्यक्ष , सक्षम ऊधम सिंह नगर महेश चंद्र पंत ने श्री कपिल का परिचय कार्यकर्ताओं से कराया। उन्होंने बताया जिला ऊधम सिंह नगर में दिव्यांगों के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं का लाभ दिव्यांगों तक पहुंचाने हेतु विधिवत जिला सक्षम, दिव्यांग सेवा केंद्र स्थापित किया गया है। जिसका संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है। सेवा केंद्र के माध्यम से कई दिव्यांगों को विभिन्न प्रकार से सुविधा व सहयोग प्रदान किया गया है, यह कार्य निरंतर जारी है। इस अवसर पर दिव्यांग मित्र योजना के अंतर्गत कार्यकर्ताओं ने अपना आर्थिक योगदान किया। आगामी 20 जून तक यह कार्यक्रम जारी रहेगा। उन्होंने सभी दायित्व धारी, नगर, ब्लॉक के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे दिव्यांग मित्र योजना में अपना योगदान अवश्य करें। इस अवसर पर श्रीमती शम्मी गुप्ता ने सक्षम से जुड़कर दिव्यांग हितों में कार्य करने की इच्छा व्यक्त की। श्री सुरेश कपिल ने उनका आभार व्यक्त किया और कहा दिव्यांगों की सेवा ईश्वर की सेवा के समान है।सभी लोग मिलजुलकर संगठन को मजबूत करें। ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। इस अवसर पर जिला सचिव सक्षम हरीश पंत, जिला प्रभारी सविता प्रकोष्ठ आशा मुंजाल, जिला कार्यालय प्रभारी आशा पंत,युवा प्रान्त प्रमुख कमल पंत आदि उपस्थित रहे।







