Spread the love


देहरादून।
तिब्बती मार्केट में हुए सनसनीखेज अर्जुन शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि करोड़ों रुपये की संपत्ति के बावजूद कुछ लाख रुपये के लालच में एक मां ने ही अपने बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। संपत्ति विवाद को लेकर अर्जुन का अपनी मां और उसके सहयोगियों से लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी रंजिश में अर्जुन को रास्ते से हटाने के लिए 12 लाख रुपये की सुपारी देकर दो सगे भाइयों से सौदा किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य आरोपी सगे भाई मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हैं। चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर रोके जाने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वे घायल हो गए। पुलिस ने साजिश में शामिल अर्जुन की मां समेत उसके दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि 11 फरवरी की सुबह तिब्बती मार्केट के बाहर अर्जुन शर्मा को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। सूचना मिलते ही कोतवाली डालनवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि पूरे हत्याकांड की साजिश सुनियोजित तरीके से रची गई थी और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर मामले का पर्दाफाश किया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट की सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

You cannot copy content of this page