Spread the love


रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में अवैध कारोबार के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये की NCERT की नकली किताबों की बरामदगी के मामले में गहन जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
गंभीरता से लिया गया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP अजय गणपति ने स्वयं संज्ञान लेते हुए SIT का गठन किया है। यह टीम पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जितेंद्र चौधरी के निकट पर्यवेक्षण में कार्य करेगी। SSP ने निर्देश दिए हैं कि प्रकरण का विधिसम्मत एवं प्रभावी निस्तारण करते हुए जांच की प्रगति से लगातार अवगत कराया जाए।
SIT का नेतृत्व और सदस्य
जांच टीम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी (सदर) रुद्रपुर प्रशांत कुमार को सौंपा गया है। टीम में निरीक्षक मनोज रतूड़ी (प्रभारी निरीक्षक/विवेचक), उपनिरीक्षक उमेश कुमार (प्रभारी SOG), उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक प्रियांशु जोशी सहित सर्विलांस व कोतवाली रुद्रपुर के अन्य पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं।
14 मार्च को हुई थी बड़ी बरामदगी
गौरतलब है कि 14 मार्च 2026 को कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के एक गोदाम से लगभग 10 करोड़ रुपये की नकली NCERT किताबें और एक ट्रक बरामद किया गया था। इस संबंध में कोतवाली रुद्रपुर में धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) BNS एवं 63/65 कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नेटवर्क तक पहुंचेगी जांच
पुलिस के अनुसार SIT की प्राथमिकता इस पूरे अवैध कारोबार के मास्टरमाइंड और नेटवर्क का पर्दाफाश करना है, ताकि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
SSP का स्पष्ट संदेश
SSP अजय गणपति ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार और धोखाधड़ी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। SIT टीम को निर्देशित किया गया है कि मामले की तह तक जाकर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

You cannot copy content of this page