
टिकट मिलने पर ही चुनाव लड़ेंगे संधू,मायावती के नेतृत्व पर जताया भरोसा


गदरपुर । बहुजन राजनीति को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान सामने आया है। चरनजीत सिंह संधू,जो बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा संयोजक हैं,ने प्रेस वार्ता आयोजित कर वर्तमान राजनीतिक माहौल पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज के समय में कुछ संगठन समाज को जोड़ने के बजाय धर्म की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं,जो लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द्र के लिए चिंताजनक स्थिति है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी राजनीतिक निष्ठा पूरी तरह पार्टी और उसकी विचारधारा के प्रति समर्पित है। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से लगातार बहुजन समाज पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होने यह भी कहा कि यदि पार्टी सुप्रीमो मायावती उन्हें चुनाव लड़ने के लिए टिकट देती हैं,तभी वह आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने कहा कि मायावती के नेतृत्व में पार्टी ने हमेशा सर्वसमाज के सम्मान और समान अधिकारों की बात की है, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उनके अनुसार बहुजन समाज पार्टी की नीतियां सामाजिक न्याय,समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने पर आधारित रही हैं।
संधू ने आगे कहा कि क्षेत्र की जनता विकास,शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर ठोस काम चाहती है ना कि विभाजनकारी राजनीति। उन्होंने विश्वास जताया कि गदरपुर सहित पूरे क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान यह भी आरोप लगाया कि गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में कुछ लोगों ने उनकी फ्लैक्सियां हटा दी हैं और कई स्थानों पर उनकी फ्लेक्स के ऊपर अपनी फ्लेक्स लगा दी है यह ओछी राजनीति है जनता समझ चुकी है
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और समाज में भाईचारे का संदेश फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब राजनीति जनहित और सामाजिक समरसता पर आधारित हो।








