Spread the love

कुछ सभासदों पर विकास कार्य का विरोध करने का लगाया आरोप

गदरपुर। नगर पंचायत अध्यक्ष मनजीत कौर तथा अध्यक्ष प्रतिनिधि काबल सिंह ने नगर के विकास कार्यों में कुछ सभासदों द्वारा विरोध किए जाने का आरोप लगाया है। सैकड़ों वार्डवासियों के साथ मीडिया के सामने रूबरू होते हुए सिंह ने कहा कि नगर की जनता के हित में किए जा रहे विकास कार्यों को जानबूझकर बाधित किया जा रहा है,जो दुर्भाग्यपूर्ण है। बताया कि नगर पंचायत द्वारा सड़क,नाली,पेयजल, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था जैसे बुनियादी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। इन कार्यों से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है,लेकिन कुछ सभासद निजी स्वार्थ के चलते इन योजनाओं का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों को लेकर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।इस मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद वार्डवासियों ने भी अध्यक्ष द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का समर्थन किया। लोगों ने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष के कार्यकाल में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान हो रहा है और नगर की तस्वीर बदल रही है। वार्डवासियों ने विरोध करने वाले सभासदों के रवैये को जनविरोधी बताया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी दबाव में आए बिना विकास कार्य जारी रखेंगे। जनता ने उन्हें जिस उद्देश्य से चुना है,उसे पूरा करना उनकी उस प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास में बाधा डालने वालों को जनता स्वयं जवाब देगी। अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से भी आग्रह किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप करने वालों पर नजर रखी जाए,ताकि नगर की प्रगति निर्बाध रूप से जारी रह सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से नगर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी मुहम्मद यामीन ,पूर्व सैनिक लीग जिला संयोजक खड़क सिंह कार्की ,सभासद सविता बैरागी, सभासद संजय सरकार, पूर्व सभासद सुकुमार सरकार,व्यूटी शील,सुनीता मिस्त्री एवं शिखा ढाली,हरिचरण सिंह,असित मंडल आदि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page