Spread the love

  • महापौर ने योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासनिक अमले के साथ किया व्यापक निरीक्षण

रुद्रपुर। रुद्रपुर को एक आदर्श मॉडल सिटी के रूप में स्थापित करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को प्रशासनिक अमले के साथ शहर के विभिन्न कोनों का तूफानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की, बल्कि भविष्य की उन बड़ी योजनाओं की रूपरेखा भी तैयार की, जिनका लोकार्पण और शिलान्यास आगामी 14 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ एडीएम पंकज उपाध्याय, मुख्य नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित लोक निर्माण, विद्युत, शिक्षा और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।हाईवे चौड़ीकरण में आएगी तेजी
निरीक्षण की शुरुआत नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण कार्यों के जायजे से हुई। यहाँ महापौर के संज्ञान में आया कि बस टर्मिनल के पुराने कार्यालयों की शिफ्टिंग न होने के कारण विद्युत पोल नहीं हटाए जा सके हैं, जिससे हाईवे निर्माण की गति धीमी पड़ गई है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर ने मौके पर ही परिवहन निगम और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। उन्होंने परिवहन निगम को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय को तत्काल शिफ्ट करें ताकि जनहित में बन रहे हाईवे का कार्य बाधित न हो। अधिकारियों ने जल्द ही इसे पूरा करने का आश्वासन दिया।

किच्छा बाईपास पर बनेगा नय वेंडिंग जोन
रुद्रपुर की व्यवस्थित बसावट के लिए महापौर ने किच्छा बाईपास पर जेसीज स्कूल के समीप वेंडिंग जोन के लिए प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रोडवेज परिसर के बाहर निर्माणाधीन बस टर्मिनल की जद में आने के कारण हटाई जा रही दुकानों को यहाँ सम्मानजनक और सुरक्षित स्थान दिया जाएगा। यहाँ 6 गुणा 8 के आकार की 30 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इस वेंडिंग जोन में शौचालय, पेयजल और स्वच्छता की हाईटेक सुविधाएं होंगी, जिससे यह ग्राहकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह नगर निगम का तीसरा सफल वेंडिंग जोन होगा।

दो मंजिला हाईटेक शौचालय और पार्क की सौगात
सब्जी मंडी के समीप हाईवे चौड़ीकरण की जद में आ रहे पुराने शौचालय को लेकर भी महापौर ने ठोस योजना बनाई यहां पर निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्देश दिए कि पुराने ढांचे को ध्वस्त कर शिक्षा विभाग की भूमि पर नया दो मंजिला हाईटेक शौचालय बनाया जाए, जिसके लिए विभागीय अनापत्ति प्राप्त कर ली गई है। इसके साथ ही शिवनगर में अतिक्रमण मुक्त कराई गई बेशकीमती भूमि का उपयोग भी जनहित में करने का निर्णय लिया गया। महापौर ने घोषणा की कि इस भूमि पर बच्चों के लिए भव्य पार्क और बुजुर्गों के लिए बैठने की उत्तम व्यवस्था की जाएगी।

14 फरवरी रुद्रपुर के इतिहास का स्वर्णिम दिन
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 14 फरवरी को होने वाले भव्य कार्यक्रम में त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया जाएगा, जो शहर की पहचान बनेगा। साथ ही, दशकों से बंद पड़ी नैनीताल हाईवे से आदर्श कॉलोनी घास मंडी जाने वाली सड़क को पुनः खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसका शिलान्यास स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे। इसके अलावा गौशाला का लोकार्पण एवं कई अन्य विकास कार्य सीएम धामी जनता को समर्पित करेंगे। उन्होनंे कहा कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण के लिए भी चिन्हीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिसका लाभ जल्द जनता को मिलेगा।

एक साल कीर्तिमानों का सिलसिला
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि नगर निगम ने विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि रुद्रपुर को एक व्यवस्थित और मॉडल शहर बनाना है। धामी जी के मार्गदर्शन में विकास का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page