
किच्छा–देवरिया निवासी भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष अधिकारी जी के नेतृत्व में जवाहर नगर, शांतिपुरी, खुरपिया व देवरिया क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक लोगों ने आज किच्छा विधायक तिलक राज बेहड के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड ने सभी नवप्रवेशी साथियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया और पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव किसान, मजदूर, महिलाओं व आम जनमानस के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और नए साथियों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। बेहड ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को भली-भांति समझ चुकी है। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले भ्रष्टाचार समाप्त करने का दावा किया था, लेकिन आज भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। हर स्तर पर कमीशनखोरी, घोटाले और जनता के अधिकारों की खुली लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आज भी सिर्फ एक जुमला बनकर रह गया है। किसान कर्ज में डूबा है, नौजवान बेरोजगार है और महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। देशभर में भाजपा सरकार की नीतियों से महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता लगातार बढ़ती जा रही है। विधायक बेहड ने कहा कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की आवाज को दबाने का काम कर रही है। जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश को जोड़ने और संविधान की रक्षा करने का कार्य किया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी जनसमस्याओं को लेकर सड़कों से लेकर सदन तक मजबूती से आवाज उठाएगी तथा भ्रष्टाचार, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। विधायक ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार को घेरते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर और संवेदनशील प्रकरण में सरकार का मौन धारण करना अत्यंत निंदनीय है। यह चुप्पी सीधे तौर पर पीड़िता के साथ अन्याय को बढ़ावा देने वाली है।विधायक ने विशेष रूप से भाजपा से जुड़ी महिलाओं से इस मामले में आगे आकर अपनी आवाज़ बुलंद करने की अपील की और कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रश्न पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक चुप्पी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में लगातार जगह-जगह प्रदर्शन कर रही है और आने वाले समय में इससे भी बड़े और निर्णायक आंदोलन किए जाएंगे। कांग्रेस का संकल्प है कि अंकिता भंडारी को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा और दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से पंकज जोशी, गिरीश भट्ट, के.डी. कर्नाटक, कुंवर सिंह देव, पार्वती मेहता, भगवती पांडे, कमला सुरकाली, सावित्री देवी, धमोली देवी, सुमन, जानकी देवी, भरत सिंह मेहता, विकास जोशी, राजेश जोशी, देवेंद्र सिंह, चंद्रकांत पटेल एवं गोविंद सिंह मेहता शामिल रहे।










