Spread the love

हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में आ गया है। अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती 62 वर्षीय हेमा देउपा को 15 फरवरी की तारीख में अस्पताल के रिकॉर्ड में मृत दर्शा दिया गया, जबकि वह उसी समय अस्पताल में वेंटिलेटर पर उपचाराधीन थीं। परिजनों ने जब दस्तावेजों में यह गड़बड़ी देखी तो अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा और मामले की शिकायत की।

परिजनों का आरोप है कि इस तरह की लापरवाही से परिवार मानसिक तनाव में आ गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा अस्पताल के रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। पूर्व में एक मामले में अस्पताल पर मृतक को कथित तौर पर बंधक बनाए रखने का आरोप लगा था, जिसके बाद भी अस्पताल सुर्खियों में रहा था।

ताजा घटना के बाद एक बार फिर निजी अस्पतालों की जवाबदेही और स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पूरे मामले की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी कि यह महज लापरवाही थी या किसी बड़ी गड़बड़ी का मामला।

You cannot copy content of this page