Spread the love


खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। खटीमा कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मामूली बाइक हटाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया गया, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस के अनुसार सोमवार रात खटीमा के इस्लामनगर क्षेत्र में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोग हथियार लेकर सड़क पर उतर आए और जमकर मारपीट हुई। चाकू चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना में घायल युवकों की पहचान जावेद, नवाब और निसार के रूप में हुई है, जो इस्लामनगर के ही निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस की सक्रियता और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

You cannot copy content of this page