Spread the love

सशक्तीकरण आत्मविश्वास और आत्मसम्मान का अनुभव.!

काशीपुर -महिला सशक्तीकरण आज विकास की मुख्यधारा का एक बहुप्रचारित शब्द है! यह एक ऐसा विचार बन गया है, जो केवल एक व्यक्तित्व की पहचान से संबंधित नहीं, बल्कि विस्तृत अर्थों में यह मानव अधिकारों और सामाजिक न्याय का विश्लेषण भी करता है। एक सशक्त व्यक्ति वह है, जो अपने अंदर आत्मविश्वास और आत्मसम्मान का अनुभव करता है, जो अपने सामाजिक और राजनीतिक वातावरण को समझने की विश्लेषणात्मक दृष्टि और उन निर्णयों को बदलने की क्षमता रखता है, जिनसे उसका जीवन प्रभावित होता है।महिला सशक्तीकरण वह प्रक्रिया है, जिसमें महिलाएं घरेलू, सामाजिक, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने अधिकारों को जानते-समझते और उनका उपयोग करते हुए जीवन पर स्वयं का नियंत्रण रखती हैं। सशक्तीकरण का मतलब है कि महिलाएं व्यक्तिगत रूप से निर्णय लेने में पूरी तरह सक्षम और आर्थिक, सामाजिक तथा राजनीतिक स्तर पर निर्णय की प्रक्रिया में शामिल हों। अपना लक्ष्य तय करने और उसे हासिल करने के लिए स्वतंत्र हों।सशक्तीकरण को छह आयामों से जोड़ कर देखा जा सकता है- बौद्धिक, मानसिक, आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और कानूनी सशक्तीकरण।
बौद्धिक सशक्तीकरण वह स्थिति है, जिसमें महिलाएं समाज में स्थूल और सूक्ष्म रूप में अपने दोयम दर्जे के होने के कारणों को समझती हैं। पर आज की परिस्थितियों को देखें, तो बौद्धिक सशक्तीकरण की परछाईं भी महिलाओं के एक बहुत बड़े वर्ग को छू तक नहीं पाई है। आज भी पुरानी परंपराओं और मान्यताओं का निर्वहन ये महिलाएं बिना कोई सवाल उठाए और बिना उसका औचित्य समझे किए जा रही हैं।मानसिक सशक्तीकरण महिलाओं में अपनी स्थिति बेहतर बनाने की भावना का विकास करता है। इसका मतलब है कि उनमें यह विश्वास पक्का करता है कि वे बदलाव के प्रयासों में सफल हो सकती हैं। इससे उनमें दृढ़ता, आत्मविश्वास, निडरता और साहस जैसे गुणों का विकास होता है।पर मानसिक सशक्तीकरण भी महिलाओं के संदर्भ में कोई मायने नहीं रखता, क्योंकि जब वे अपनी अवस्था में बदलाव या परिवर्तन की कल्पना ही नहीं कर सकतीं, तो उसे बेहतर बनाने के प्रयास करने का तो सवाल ही नहीं है।

आर्थिक सशक्तीकरण महिलाओं को उत्पादकता से जोड़ता और उन्हें कुछ हद तक स्वतंत्र बनाता है। बड़ी संख्या में महिलाएं उत्पादकता से जुड़ कर धन अर्जन करने लगी हैं, पर इनमें से अधिकांश उस धन को खर्च करने का अधिकार नहीं रखतीं। इसलिए कि वे बौद्धिक और मानसिक रूप से स्वतंत्र नहीं हो पाईं और कानूनी जानकारी का भी उनमें अभाव है।

इसके अलावा, घर-परिवार और बच्चों के प्रति उनकी जिम्मेदारी की भावना भी उनकी निर्णय क्षमता को प्रभावित करती है। इसीलिए आर्थिक रूप से सक्षम होते हुए भी वे स्वतंत्र रूप से निर्णय नहीं ले पाती हैं।कुल मिलाकर महिलाओं के सशक्तीकरण का प्रयास अभी पूरा नहीं हुआ है। इस दिशा में अभी काफी कुछ किया जाना बाकी है। खासकर महिलाओं को मानसिक और बौद्धिक रूप से जागरूक और सशक्त बनाने की बेहद जरूरत है। वैसे साक्षरता महिलाओं की स्वतंत्रता के लिए सबसे जरूरी और अहम साधन माना गया है, जो उन्हें ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास के जरिए विकास की मुख्यधारा से जोड़ता है। अगर समाज की हर एक महिला साक्षर हो जाए, तो हमें उन्हें सशक्त बनाने में आसानी होगी।

You cannot copy content of this page