Spread the love

  • महापौर ने सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

रूद्रपुर। नगर निगम सभागार में बुधवार को देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ की नगर इकाई की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। समारोह में महापौर विकास शर्मा ने अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार सहित सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके उपरांत संघ कार्यालय में महापौर ने सोनू मुल्तानी को पगड़ी पहनाकर कार्यभार ग्रहण कराया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, संघ के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरदीप चौधरी, जिलाध्यक्ष विनोद कुमार, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

महापौर विकास शर्मा ने इस अवसर पर कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण मित्र नगर निगम का अभिन्न अंग हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में रूद्रपुर नगर निगम को जो तीन महत्वपूर्ण पुरस्कार प्राप्त हुए हैं, उसमें इनका योगदान सराहनीय रहा है। नगर निगम की प्रगति और शहर की स्वच्छता में इनके सहयोग को भुलाया नहीं जा सकता।

महापौर ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर होना इस दिन को और भी स्मरणीय बना गया। उन्होंने भगवान वाल्मीकि को समाज का पथ प्रदर्शक बताते हुए कहा कि जैसे उन्होंने बुराई को त्यागकर समाज के लिए एक उच्च आदर्श प्रस्तुत किया, वैसे ही आज के समाज को भी बुराई से दूर होकर अच्छाई के मार्ग पर चलना चाहिए।

महापौर ने कहा कि जब से उन्होंने नगर निगम में कार्यभार संभाला है, तब से वह निगम से जुड़े सभी लोगों को एक परिवार की तरह मानते हुए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम में सभी त्यौहार सामूहिक रूप से मिलजुल कर मनाने की परंपरा शुरू की गई है, जो आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को दर्शाता है। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि “शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। तभी हम स्मार्ट सिटी के लक्ष्य को हासिल कर पाएंगे। उन्होंने पर्यावरण मित्रों द्वारा उठाई गई मांगों के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह ने नगर निगम प्रशासन और महापौर को धन्यवाद देते हुए कहा कि महापौर ने सफाई कर्मचारियों को जो सम्मान दिया है, वह वास्तव में प्रेरणादायक है। हमें विश्वास है कि आगे भी कर्मचारी हितों की रक्षा और नगर की स्वच्छता के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा। नगर इकाई अध्यक्ष सोनू मुल्तानी ने भी अपनी नई जिम्मेदारी के प्रति समर्पण भाव जताते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी केवल शहर को स्वच्छ रखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज के लिए एक जरूरी सेवा का निर्वहन कर रहे हैं। हम अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

इस अवसर पर आईडीबीआई बैंक शाखा प्रबंधक हिमानी आर्या की ओर से सभी सफाई कर्मचारियों को आगामी सर्दी के सीजन को ध्यान में रखते हुए जैकेट वितरित की गईं।

महापौर ने किया वाल्मीकि समाज के साथ सहभोज
शपथ ग्रहण समारोह के पश्चात नगर निगम परिसर में महापौर विकास शर्मा की ओर से भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। महापौर ने भगवान वाल्मीकि को भोग लगाने के बाद भंडारे का शुभारंभ किया और स्वयं वाल्मीकि समाज के साथ पंक्ति में बैठकर सहभोज किया। महापौर ने कहा कि नगर निगम केवल प्रशासनिक संस्था नहीं, बल्कि एक सामाजिक परिवार है। इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता और सौहार्द की मिसाल हैं। भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को एकजुट करने का प्रयास जारी रहेगा।

इस अवसर पर पार्षद राजेश जग्गा, अशोक चौधरी, लक्ष्मण चौहान, रणजीत चरण, मुकेश राजौरिया, सुनील रोहतगी, राजपाल चौधरी, राजू, संजय कुमार, विजा लाल, रघुवीर, संदीप आजाद, मनोज कुमार, नरेश, सुरेन्द्र, श्यामा चरण, अनिल, गोविंदा, विक्की, रामप्रकाश, बबलू, राकेश, सूरज आजाद सहित तमाम गणमान्य लोग, पर्यावरण मित्र एवं नगरवासी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page