
नानकमत्ता। गुरुद्वारा छठी पातशाही तपेड़ा नानकमत्ता साहिब में रविवार को होला मोहल्ला का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दूर-दूर से बड़ी संख्या में सिख संगत गुरुद्वारा परिसर में पहुंची और गुरु साहिब के चरणों में मत्था टेका।
हर वर्ष की तरह इस बार भी होला मोहल्ला का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष लंगर सेवा की व्यवस्था की गई, जहां बड़ी संख्या में संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही गुरुद्वारा परिसर में कीर्तन दरबार का आयोजन भी हुआ, जिसमें रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया।
इस दौरान गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब के प्रधान जोगिंदर सिंह भी कार्यक्रम में पहुंचे और संगत को होला मोहल्ला की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व सिख परंपरा, साहस और सेवा भावना का प्रतीक है।
प्रधान जोगिंदर सिंह ने बताया कि आने वाले वर्षों में होला मोहल्ला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए और बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि दूर-दराज से आने वाली संगत को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।










