
गदरपुर थाना क्षेत्र में काशीपुर मार्ग पर रविवार बाजार के पास हुए एक हादसे में कार की टक्कर से बाईक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को चिकित्सालय पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया । पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार वार्ड 4 इन्द्र विहार गदरपुर निवासी 18 वर्षीय अभिषेक पुत्र बंटी कश्यप मंगलवार की रात्रि बाईक पर सवार होकर सरदार नगर, काशीपुर रोड़ से घर वापस लौट रहा था। मार्ग में रविवार बाजार के पास सामने की ओर से तेज गति से आती कार के चालक ने उसकी बाईक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे अभिषेक छिटककर सड़क किनारे लगे पोल से टकराकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों के साथ ही पुलिसकर्मी भी वहां आ गये। अभिषेक को उपचार के लिए तत्काल चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों से आवश्यक जानकारी लेकर शव अपने कब्जे में लिया औरं पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया जाता है कि मृतक अभिषेक तीन भाईयों में सबसे छोटा था। उसकी एक बहन है। पिता बंटी कश्यप हलवाई का काम करते हैं अभिषेक उनके काम में हाथ बंटाता था।”देर सायं मोक्ष धाम गदरपुर में गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।










