Spread the love


रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनसीईआरटी की करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की फर्जी किताबों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने एक ट्रक को पकड़ने के बाद उसकी निशानदेही पर किरतपुर स्थित एक गोदाम से भी भारी मात्रा में किताबें बरामद की हैं। मामले में पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को 14 मार्च 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एनसीईआरटी की संदिग्ध किताबों से भरा एक ट्रक किरतपुर रोड से गुजर रहा है। सूचना पर पुलिस ने कैंटर संख्या UP37BT-0562 को रोककर जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में किताबें लदी मिलीं।ट्रक चालक ने पूछताछ में बताया कि किताबें किरतपुर स्थित एक गोदाम से लोड कर मेरठ ले जाई जा रही थीं। चालक द्वारा दिखाए गए इनवॉइस व अन्य दस्तावेजों में भिन्नता मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ।
मौके पर पहुंचे मुख्य शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी ने किताबों की जांच की, जिसमें लोगो, प्रिंटिंग क्वालिटी, कागज और वाटरमार्क में गड़बड़ी पाई गई। प्रथम दृष्टया किताबें नकली प्रतीत हुईं।चालक की निशानदेही पर पुलिस किरतपुर स्थित गोदाम पहुंची, जहां से भी एनसीईआरटी की बड़ी संख्या में किताबें बरामद हुईं। जांच में गोदाम राजेश कुमार जैन निवासी रुद्रपुर का पाया गया, जिसे संदीप निवासी मेरठ को किराये पर दिया गया था।पुलिस ने मामले की सूचना एनसीईआरटी को भेज दी है और किताबों की सप्लाई चेन व पूरे फर्जी नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

You cannot copy content of this page