
रुद्रपुर। उत्तराखंड कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ, जनपद ऊधम सिंह नगर की नई कार्यकारिणी का निर्वाचन आज शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संगठन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से श्री गौरव रावत को निर्विरोध अध्यक्ष चुना, जबकि श्री मोहित चौहान को महामंत्री का दायित्व सौंपा गया।


इसके साथ ही अन्य पदों पर भी सदस्यों ने एकमत से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। कोषाध्यक्ष पद पर श्री प्रकाश गंगवार का चयन किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में श्री विकास कुमार और उपाध्यक्ष पद पर श्री आशुतोष को दायित्व मिला। क्रीड़ा एवं संस्कृति मंत्री के रूप में कुमारी गीता को चुना गया।
संगठन में मार्गदर्शन की भूमिका निभाने हेतु श्री कैलाश नेगी को सलाहकार तथा श्री भरत को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई। वरिष्ठ संयुक्त मंत्री के रूप में श्री राजेंद्र सिंह नेगी को चुना गया। मुख्यालय स्तर पर संगठन मंत्री का दायित्व श्री माहिम पाण्डेय और संगठन सचिव मुख्यालय की जिम्मेदारी श्री प्रदीप पंत को सौंपी गई।
क्षेत्रीय स्तर पर संगठन विस्तार के लिए भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। गदरपुर, रुद्रपुर एवं किच्छा क्षेत्र की जिम्मेदारी श्री मयंक को संगठन मंत्री के रूप में प्रदान की गई, जबकि खटीमा, सितारगंज एवं नानकमत्ता क्षेत्र के लिए श्री शेखर को संगठन मंत्री चुना गया। इसके अलावा श्री कपिल गहतोड़ी को संयुक्त मंत्री मुख्यालय का दायित्व सौंपा गया।
नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण करने के बाद सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा, समस्याओं के समाधान तथा लोकहित से जुड़े विषयों पर संगठन एकजुट होकर कार्य करेगा।
निर्वाचन के शांतिपूर्ण समापन के साथ ही संगठन के सदस्यों में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। नई कार्यकारिणी से कर्मचारियों ने सकारात्मक बदलाव और मजबूत नेतृत्व की उम्मीद जताई है।









