
नानकमत्ता:(अश्वनी दीक्षित) श्री गुरूनानक देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में सिद्धा नवदिया गाँव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में सात दिवसीय विशेष शिविर का रंगारंग शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष सरदार प्रेम सिंह टुरना, विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्रधानाध्यापक निमाई माझी, शिक्षक नीलकमल, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीता मेहता तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. इंदु बाला द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। दिन की थीम “स्वच्छता व कुपोषण अभियान” के तहत स्वयंसेवियों ने जन-जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूक किया तथा कार्यस्थल पर साफ-सफाई अभियान चलाया। इसके साथ ही आयोजित बौद्धिक सत्र में वाद-विवाद, भाषण और भजन गायन के माध्यम से सामाजिक मुद्दों पर विचार व्यक्त किए गए। मुख्य अतिथि सरदार प्रेम सिंह टुरना ने अपने संबोधन में स्वयंसेवियों को एनएसएस के सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना के महत्व से अवगत कराया, जबकि कार्यक्रम अधिकारी डॉ. इंदु बाला ने स्वच्छता और कुपोषण के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। मंच संचालन संस्कृत विभाग के डॉ. मनोज कुमार जोशी और स्वयंसेवी छात्रा नंदनी राणा ने संयुक्त रूप से किया। प्राचार्य डॉ. सीता मेहता ने एनएसएस की गतिविधियों और समाज निर्माण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला, वहीं गृह विज्ञान की सहायक प्राध्यापक ज्योति ने कुपोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कंप्यूटर सहायक पंकज सिंह बोहरा ने छात्र-छात्राओं को माय भारत पोर्टल की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. नीतू, दीपा दानू, ममता राणा, बरुण कुमार सक्सेना, मनोज कुमार, काजल बरमान, पूनम राणा, प्रगति राणा, रेनू थापा, मनप्रीत कौर, देव राम, अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व ग्रामीण मौजूद रहे।










