Spread the love

देहरादून। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दून मॉल देहरादून में लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण एवं आतंकवादी गतिविधियों पर आधारित फ़िल्म “द केरला स्टोरी 2” का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह फ़िल्म समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम है और इसमें उन साजिशों को उजागर किया गया है, जिनके जरिए कुछ आतंकी संगठन युवाओं को गुमराह कर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल करने का प्रयास करते हैं। आज के समय में सुरक्षा केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वैचारिक और सामाजिक स्तर पर भी चुनौतियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह फ़िल्म दर्शाती है कि किस प्रकार बिना हथियारों के ही युवाओं को भ्रम, प्रलोभन और गलत जानकारी के माध्यम से जाल में फंसाया जाता है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने इसे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि ऐसे विषयों पर खुलकर चर्चा और जागरूकता बेहद आवश्यक है।
इस दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक दुर्गेश्वर लाल तथा मेयर सौरभ थपलियाल भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने भी फ़िल्म की सराहना करते हुए इसे समाज को सचेत करने वाला प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस प्रकार की जागरूकता से जुड़ी फिल्मों को अवश्य देखें और अपने परिवार व समाज के बीच भी इस विषय पर चर्चा करें, ताकि युवाओं को किसी भी प्रकार के प्रलोभन या भ्रम से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

You cannot copy content of this page