
रुद्रपुर।
ऑडियो क्लिप प्रकरण में शीघ्र वॉइस सैंपलिंग कराए जाने की मांग को लेकर पूर्व पालिका अध्यक्ष ,कांग्रेस नेत्री श्रीमती मीना शर्मा शुक्रवार सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से उनके कार्यालय में मिलीं। इस दौरान श्रीमती शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लगभग एक वर्ष पूर्व उनके चरित्र का हनन करने वाली एक आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जो कथित तौर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की आवाज में बताई जा रही थी।
श्रीमती शर्मा ने SSP को अवगत कराया कि उक्त प्रकरण को लेकर वह लगातार पुलिस प्रशासन के संपर्क में रहीं और शुरू से ही मामले के शीघ्र खुलासे की मांग करती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने में भले ही देर हुई हो, लेकिन अब कोतवाली रुद्रपुर में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके लिए वह पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करती हैं।
पूर्व पालिका अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि जब तक वॉइस सैंपलिंग नहीं कराई जाती, तब तक सच्चाई सामने नहीं आ सकती। उन्होंने SSP से आग्रह किया कि इस मामले में बिना किसी देरी के वॉइस सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि ऑडियो क्लिप की सत्यता की वैज्ञानिक जांच हो सके और दोषी व्यक्ति बेनकाब हो।श्रीमती शर्मा ने कहा कि यह मामला केवल उनके सम्मान से जुड़ा नहीं है, बल्कि महिला गरिमा और सामाजिक मर्यादा का भी प्रश्न है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई कर उन्हें न्याय मिल सके।










