
सितारगंज क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वेदांश इंटरनेशनल स्कूल एवं केवीएम पब्लिक स्कूल सिसौना द्वारा भव्य वार्षिक उत्सव समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया सितारगंज के सिसौना क्षेत्र स्थित वेदांश इंटरनेशनल स्कूल एवं केवीएम पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य वार्षिक उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपकार सिंह बल ने कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
वार्षिक उत्सव के दौरान नन्हे-नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ उनका हौसला बढ़ाया।कार्यक्रम में विशेष रूप से राधे कृष्णा इंस्टिट्यूट की ओनर रेखा ठाकुर एवं नगर पालिका चेयरमैन सितारगंज सुखदेव सिंह भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।कुल मिलाकर वार्षिक उत्सव समारोह उल्लास, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से भरपूर रहा, जिसने विद्यार्थियों की प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान किया।













