
‘ट्रैफिक मित्रों’ को सौंपी गई सुरक्षा किट; कुण्डेश्वरी क्षेत्र में बीते एक माह से दुर्घटनाओं पर लगा पूर्ण अंकुश


कुण्डेश्वरी क्षेत्र में सुरक्षित यातायात और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान एसएसपी महोदय ने स्थानीय जनता को समर्पित ‘जीवनरक्षक एम्बुलेंस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने हेतु तैनात ‘ट्रैफिक मित्रों’ को सुरक्षा किट वितरित की।कुण्डेश्वरी चौकी क्षेत्र की काशीपुर मुख्य शहर से दूरी (लगभग 18-20 किमी) होने के कारण आपातकाल में 108 सेवा पहुँचने में विलंब होता था। इस समस्या के समाधान हेतु पुलिस की पहल पर अब स्थानीय स्तर पर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे घायलों को ‘गोल्डन ऑवर’ में उपचार मिल सकेगा।स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए सख्त समय सीमा (नो-एंट्री) तय की गई है। इन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्षेत्र के वालंटियर्स को ‘ट्रैफिक मित्र’ के रूप में नियुक्त कर उन्हें यातायात नियंत्रण किट प्रदान की गई है।पुलिस प्रशासन की सक्रियता और प्रभावी मध्यस्थता का ही परिणाम है कि बीते 01 माह में क्षेत्र के भीतर एक भी सड़क दुर्घटना घटित नहीं हुई है।










