
किच्छा (उधम सिंह नगर):आज ‘भवानी सेना संघ’ के पदाधिकारियों ने किच्छा नगर की गंभीर समस्याओं के निराकरण हेतु अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका) को एक ज्ञापन सौंपा। संघ ने नगर में बढ़ते ट्रैफिक जाम, पार्किंग की कमी और इंदिरा गांधी खेल मैदान में बढ़ती नशाखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
प्रमुख मांगें और बिंदु:
सड़कों पर जाम से जीवन संकट: संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अस्पताल, तहसील, कोतवाली और रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थान एक ही मुख्य मार्ग पर होने के कारण सड़कों पर कारों और बाइकों का अंबार लगा रहता है। इस जाम के कारण एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं भी फंस रही हैं, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
खेल मैदान में पार्किंग का प्रस्ताव: संघ ने सुझाव दिया कि इंदिरा गांधी खेल मैदान के एक हिस्से को न्यूनतम शुल्क के साथ सुसज्जित स्थाई एवं अस्थाई पार्किंग में बदला जाए। इससे सड़कों से अतिक्रमण हटेगा और नगर पालिका को आय भी होगी।नशेड़ियों पर प्रहार: ज्ञापन में इस बात पर जोर दिया गया कि खेल मैदान वर्तमान में नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। यदि यहाँ पार्किंग और नियमित व्यवस्थाएं शुरू होती हैं, तो असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी लगाम लगेगी। इस अवसार पर भवानी सेना प्रमुख सोनू गुप्ता, सुभाष कोहली, प्रतीक अरोड़ा, योगेंद्र सिंह चौहान, आशीष राठौड़, राजीव अग्रवाल, गुरमीत सिंह इत्यादि लोग मौजूद थे










