
गदरपुर। को उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के माननीय सचिव श्री योगेन्द्र कुमार सागर के निर्देशन में राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय,केशवगंज बरीराई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या श्रीमती रीना विश्वास एवं श्री राजकुमार शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
कार्यक्रम का विषय “विज्ञान में महिलाओं और लड़कियों का अंतरराष्ट्रीय दिवस” रहा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया गया कि इस दिवस का उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (STEM) के क्षेत्र में महिलाओं व बालिकाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना है। साथ ही समाज में लैंगिक समानता स्थापित करना तथा वैज्ञानिक क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को पहचान दिलाना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान युग में विज्ञान मानव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। चिकित्सा, अंतरिक्ष अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि विकास सहित अनेक क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद कई बालिकाएं सामाजिक,आर्थिक व पारिवारिक कारणों से विज्ञान शिक्षा और शोध के अवसरों से वंचित रह जाती हैं। इस अवसर पर संकल्प लिया गया कि प्रत्येक बालिका को विज्ञान शिक्षा के समान अवसर प्रदान कर उन्हें वैज्ञानिक, इंजीनियर, चिकित्सक व शोधकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं की भी जानकारी दी गई। स्थायी लोक अदालत,साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा नालसा टोल फ्री नंबर 15100 के संबंध में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता राकेश कुमार सुखीजा, प्राविधिक कार्यकर्ता राजकुमारी, संगीता सरदार एवं गोपाल सिंह गौतम द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।










