
किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देते हुए राज्य योजना के अंतर्गत क्षेत्र की दो विभिन्न प्रमुख सड़कों के निर्माण हेतु कुल ₹1 करोड़ 65 लाख की वित्तीय स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा प्रदान की गई है। यह स्वीकृति विधायक तिलक राज बेहड के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।


विधायक तिलक राज बेहड ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत किच्छा दरऊ मोटर मार्ग से गुरुकुल स्कूल होते हुए सुनेरा कैनाल मार्ग तक सड़क का प्रीमियम कारपेट द्वारा पूर्ण निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस मार्ग की कुल लंबाई लगभग 1300 मीटर है, जिस पर ₹79.02 लाख की लागत स्वीकृत की गई है।
इसके अतिरिक्त किच्छा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कनकपुर के आंतरिक मार्गों का सीमेंट कंक्रीट एवं पेवमेंट द्वारा निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस सड़क की कुल लंबाई लगभग 700 मीटर है तथा इस पर ₹86.76 लाख की लागत स्वीकृत की गई है।
दोनों सड़कों की स्वीकृति राज्य योजना के अंतर्गत प्राप्त हो चुकी है तथा शीघ्र ही इनका निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
विधायक बेहड ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।
विधायक तिलक राज बेहड ने सड़कों की स्वीकृति प्रदान किए जाने हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री सतपाल महराज जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।








