Spread the love

सितारगंज: सिडकुल क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में महिला कर्मियों के साथ उत्पीड़न, अनैतिक दबाव, साजिशन नौकरी से निकाले जाने और पुलिस के कथित दुरुपयोग का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता रजनी सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि वह बीते छह वर्षों से कंपनी में ईमानदारी से कार्यरत थीं, लेकिन पिछले एक वर्ष में कंपनी में आई एक महिला कर्मचारी और एचआर अधिकारी की मिलीभगत से माहौल खराब किया गया। आरोप है कि कंपनी में कुछ अधिकारियों द्वारा नई महिला कर्मियों की मांग कर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था और विरोध करने पर झूठे आरोप लगाकर बाहर का रास्ता दिखाया जाता था। जब रजनी सिंह और दो अन्य महिला कर्मियों ने कंपनी के जीएम व एचआर विभाग को पूरे मामले से अवगत कराया तो किसी भी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि उल्टा तीनों पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर नौकरी से निकाल दिया गया। पीड़िता का दावा है कि पहले भी उन्होंने 23 फरवरी 2024 को पुलिस चौकी सिडकुल सितारगंज में शिकायत दी थी, जिस पर कुछ दिनों तक काम करने दिया गया, लेकिन बाद में दोबारा साजिश रचकर बाहर कर दिया गया। आरोप है कि 4 मार्च 2024 को जब वे कंपनी पहुंचीं तो प्रबंधन ने पुलिस बुलाकर उन्हें जबरन बाहर निकलवाया और पुलिस द्वारा मानसिक प्रताड़ना भी दी गई। पीड़िता का कहना है कि आज तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे हैं, जबकि दोबारा नौकरी पर नहीं रखा गया। पूरे मामले में कंपनी प्रबंधन, एचआर अधिकारी, फील्ड ऑफिसर और अन्य कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़िता ने दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

You cannot copy content of this page